जगदलपुर। ईद-ए-मिलादुन्नबी के 1500 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर का माहौल जश्न और रौनक से सराबोर रहा। जगह-जगह धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में शुक्रवार को इंसानियत और सेवा का अनूठा संदेश देते हुए स्थानीय अस्पतालों में मरीजों के बीच फलों का वितरण किया गया।
शहर के प्रथम नागरिक महापौर संजय पांडेय और हाजी वसीम अहमद की सरपरस्ती में फ़ज़लुदीन शरीफ, महफ़ूज़ा हुसैन, अमान शाह, अब्दुल एज़ाज़, सुहैल शाह, मोहम्मद फैजल एवं उनके साथियों ने यह नेक पहल की। उन्होंने मरीजों को सेब और केले वितरित किए।

हाजी वसीम अहमद ने बताया कि “पैग़ंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद साहब का संदेश इंसानियत, सेवा और भाईचारे पर आधारित हैं। इन्हीं आदर्शों को जीवित रखने का प्रयास इस सेवा कार्य के माध्यम से किया गया है।”
मरीजों और उनके परिजनों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल उनकी जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि उन्हें भावनात्मक सहारा भी देते हैं।
अस्पताल प्रशासन ने भी इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को यह पहल पोषण के साथ-साथ मानसिक बल भी प्रदान करती है।
ईद-मिलादुन्नबी के इस विशेष अवसर पर हुई सेवा गतिविधियों ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज में इंसानियत और भाईचारे की मिसाल भी कायम की।

