बिलासपुर। हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-नैला स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी और ऑटो सिग्नलिंग के लिए प्री-नॉन/नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इस वजह से अप्रैल महीने में कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार, 11 से 27 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर, कोरबा और गेवरा रोड रूट की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें बिलासपुर-रायगढ़, रायपुर-गेवरा रोड, कोरबा-रायपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसी महत्वपूर्ण लोकल ट्रेनें शामिल हैं, जिससे रोजाना सफर कर रहे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
इसके अलावा, गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन 16 से 27 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त होगी, जबकि वापसी में यह ट्रेन बिलासपुर से ही शुरू की जाएगी। यानी इस अवधि में बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच यह सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था भी की है। कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को 16 से 27 अप्रैल तक कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा, ताकि स्थानीय यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।

