रायपुर। शहर में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की। फाउंडेशन की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिस जवानों के लिए छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
तेज धूप और तपती गर्मी के बीच घंटों खड़े रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस कर्मियों को इस दौरान ठंडी छाछ उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें कुछ राहत मिली। इस पहल को पुलिस कर्मियों ने भी काफी सराहा और फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मो. सिराज भाई के निर्देश पर आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष मो. एहतेशाम हुसैन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मो. इरफान, मो. तौकीर दानी, शेख अकरम, इरफान रजा, सैयद अशरफ अली और मो. शहनवाज शामिल थे। सभी ने मिलकर पुलिस कर्मियों को छाछ वितरित की और उनके काम के प्रति सम्मान व्यक्त किया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों की मदद करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य लगातार किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों को समय-समय पर सहायता मिल सके।

इस तरह की पहल न सिर्फ समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश देती है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे लोगों के प्रति सम्मान भी प्रकट करती है।

