Exclusive: लूतरा शरीफ दरगाह की नवगठित कमेटी में बड़ा उलटफेर, 6 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया…

प्रभार सौंपे जाने के अगले ही दिन लिया फैसला, व्यक्तिगत कारण बताकर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष को सौंपा त्यागपत्र।

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध और प्रदेश की सबसे बड़ी दरगाह लूतरा शरीफ, शाही नूरानी मस्जिद और दारुल उलूम फैज़ाने बाबा इंसान अली की नवगठित प्रबंधन समिति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। समिति के 6 पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने-अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार को सभी पदाधिकारी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय पहुंचे और बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज को मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम संबोधित अपना त्यागपत्र सौंप दिया।

इस्तीफा देने वालों में समिति के सरपरस्त इरशाद अली, सेक्रेटरी रियाज अशरफी, नायब मुतवल्ली मोहम्मद सिराज, रोशन खान, सदस्य हाजी गुलाम रसूल साबरी और अब्दुल रहीम शामिल हैं। ये सभी 23 जून 2026 को वक्फ बोर्ड द्वारा गठित 20 सदस्यीय प्रबंधन समिति का हिस्सा थे।

सभी पदाधिकारियों ने अपने त्यागपत्र में व्यक्तिगत और अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने लिखा है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का नियमित और प्रभावी तरीके से निर्वहन करने में असमर्थ हैं, इसलिए स्वेच्छा से तत्काल प्रभाव से अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।

त्यागपत्र में वक्फ बोर्ड से यह भी अनुरोध किया गया है कि उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें सभी दायित्वों से मुक्त किया जाए। साथ ही, पदाधिकारियों ने नवगठित संस्था के सफल संचालन और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

गौरतलब है कि इस सामूहिक इस्तीफे से ठीक एक दिन पहले, बुधवार शाम को पुरानी इंतेजामिया कमेटी ने खादिमों की मौजूदगी में हाजी मोहम्मद इकबाल हक की सदारत वाली नई कमेटी को दरगाह का विधिवत प्रभार सौंपा था। प्रभार सौंपे जाने के अगले ही दिन नवगठित समिति के 6 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा सामने आना दरगाह प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles