खपरगंज बवाल का मुख्य आरोपी 28 दिन बाद पन्ना में गिरफ्तार, दोस्त के घर छिपा था रामसिंह ठाकुर..

रक्षाबंधन की रात पथराव के बाद हुआ था फरार, लगातार बदल रहा था ठिकाना.. पुलिस की दबिश से पहले ही हो जाता था गायब।

बवाल मामले में 50 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर, 40 से अधिक आरोपी गिरफ्तार.. रामसिंह पर पहले से गंभीर धाराओं में करीब आधा दर्जन केस।

बिलासपुर। खपरगंज में रक्षाबंधन की रात हुए पथराव और हिंसक बवाल के मामले में करीब 28 दिन से फरार चल रहे आरोपी रामसिंह ठाकुर को पुलिस ने आखिरकार मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वह माकरी कुठार में अपने दोस्त धीरेन्द्र पटेल के घर छिपा हुआ था। लगातार ठिकाने बदलने के कारण पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन हासिल करने में परेशानी आ रही थी। आखिरकार पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

दरअसल, खपरगंज में रक्षाबंधन की रात एक मामूली विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते इलाके में पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों के दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं।

बवाल की जानकारी मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर रखी। तनाव को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया था।

50 से ज्यादा पर एफआईआर, 40 से अधिक गिरफ्तार..

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के नामजद आरोपियों सहित 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। प्रकरण में बलवा समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अब तक दोनों पक्षों के 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस पहुंचती, उससे पहले बदल देता था ठिकाना..

पुलिस के अनुसार रामसिंह पिछले करीब 28 दिनों से लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस की टीम जब उसके संभावित ठिकाने तक पहुंचने की कोशिश करती, उससे पहले ही वह वहां से निकल जाता था। फरारी के दौरान उसके प्रदेश के अलग-अलग जिलों से वीडियो वायरल करने की जानकारी भी पुलिस को मिली। इससे पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी, लेकिन उसकी सटीक लोकेशन तक पहुंचना चुनौती बना हुआ था।

जांच के दौरान पुलिस को उसके पन्ना जिले के माकरी कुठार में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने दबिश देकर उसके दोस्त धीरेन्द्र पटेल के घर से रामसिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी और उसकी फरारी के दौरान संपर्क में रहे लोगों तथा उसे पनाह देने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटाएगी।

पहले से दर्ज हैं करीब आधा दर्जन अपराध..

पुलिस के मुताबिक रामसिंह ठाकुर के खिलाफ अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में करीब आधा दर्जन अपराध पहले से दर्ज हैं। खपरगंज बवाल के मामले में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस अब उसकी भूमिका, बवाल के दौरान उसकी गतिविधियों और फरारी के दौरान उसके ठिकानों की भी जांच कर रही है।

पुलिस बवाल से जुड़े वीडियो फुटेज, सीसीटीवी, ड्रोन फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और उपद्रव में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles