बिलासपुर। जिले के कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे को ‘इन्फेक्टेड जोन’ और 10 किलोमीटर तक के इलाके को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित कर दिया है।


जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा कराई गई जांच में भोपाल की प्रयोगशाला से संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
सर्विलांस जोन में पोल्ट्री से जुड़े सभी उत्पादों की खरीद-बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही पुलिस, वन और परिवहन विभाग को चेकपोस्ट बनाकर मुर्गियों और अन्य पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है। वहीं आसपास के कई वार्डों को सर्विलांस जोन में रखा गया है, जहां स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्रवाई ‘एवियन इन्फ्लुएंजा एक्शन प्लान 2011’ के तहत की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थिति पर नजर रखें और समय-समय पर रिपोर्ट देते रहें।
कलेक्टर ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

