पत्रकार कॉलोनी की समस्याओं पर मुख्यमंत्री गंभीर, नाली-सीसी रोड और भूमि आवंटन पर शीघ्र समाधान का भरोसा..
बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे पत्रकार, जल्द राहत की उम्मीद..
बिलासपुर। प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित, बिलासपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष इरशाद अली के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी से जुड़ी दो प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दो पृथक-पृथक ज्ञापन सौंपे। पहला ज्ञापन बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में नाली एवं सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड निर्माण कार्य की स्वीकृति से संबंधित था। ज्ञापन में बताया गया कि कॉलोनी में पक्की नालियों एवं सीसी रोड के अभाव में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव, कीचड़ और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे रहवासियों को आवागमन सहित दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कॉलोनी में निवासरत सभी परिवार पेशे से पत्रकार हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन की निरंतर सेवा करते हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव होना चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।
दूसरा ज्ञापन ग्राम बिरकोना, तहसील एवं जिला बिलासपुर स्थित शासकीय भूमि के आवंटन से संबंधित लंबित प्रकरण के शीघ्र निराकरण के लिए सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित द्वारा अपने पत्रकार सदस्यों के आवासीय प्रयोजन हेतु खसरा नंबर 1260/1 एवं 1340/3 में से कुल 5.00 एकड़ शासकीय भूमि के आवंटन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है।

यह प्रकरण कलेक्टर बिलासपुर द्वारा अपर कलेक्टर के माध्यम से आयुक्त बिलासपुर संभाग को भेजा गया था, जहां से इसे मंत्रालय, रायपुर को संदर्भित किया गया। वर्तमान में यह प्रस्ताव मंत्रालय स्तर पर लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित एवं पत्रकार समुदाय की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाली एवं सीसी रोड निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए तथा भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कर आवासीय योजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और दोनों ही मामलों में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि ज्ञापन सौंपने का निर्णय हाल ही में आयोजित समिति की डायरेक्टर बैठक में लिया गया था। इस बैठक में अध्यक्ष संजीव पांडेय, उपाध्यक्ष इरशाद अली, डायरेक्टर कमलेश शर्मा, विनोद सिंह, साखन दर्वे, संजय श्रॉफ, उमेश मौर्य, तारिणी शुक्ला, काजल किरण कश्यप, ब्रह्मदेव सिंह एवं नवीन लदेर उपस्थित थे।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष इरशाद अली, बिलासपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष कमलेश शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष गोपीनाथ डे, पूर्व सचिव दिलीप यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष लोकेश वाघमारे, पूर्व सह सचिव रमेश राजपूत, अखिल वर्मा,अखलाख खान,दिलीप जगवानी, जितेंद्र थवाईत, रोशन वैध,सतीश मिश्रा, संजय यादव, प्रकाश राव, पंकज गुप्ते, उषा सोनी, जेपी अग्रवाल, श्याम पाठक, हृदेश केसरी, गोविंद शर्मा, राकेश प्रताप सिंह, अमित संतवानी, अनुज श्रीवास्तव, उत्पलसेन गुप्ता, नरेंद्र सिंह, घनश्याम गंधर्व, निशांत तिवारी, शाहिद अली, छवि कश्यप, सूर्यप्रकाश सूर्यकांत शामिल रहे।

