बिलासपुर। बिलासपुर में मस्तूरी गोलीकांड से जुड़े आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यह वीडियो जेल परिसर के अंदर बनाया गया बताया जा रहा है, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, जेल में बंद आरोपियों से मिलने आए उनके कुछ साथियों ने मुलाकात के दौरान रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वायरल वीडियो में आरोपियों को दबंग और डॉन जैसे अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
गौरतलब है कि करीब 5 महीने पहले मस्तूरी में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर फायरिंग की घटना हुई थी। यह हमला उनके निजी कार्यालय में हुआ था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों और अन्य साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल सभी आरोपी बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
अब उसी मामले के आरोपियों का यह वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है। आरोपियों की मुलाकात पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और मुलाकात कक्ष में तैनात स्टाफ को भी हटा दिया गया है।
इसके अलावा जेल अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि रील बनाने और उसे वायरल करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। साथ ही अब मुलाकात के लिए आने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच भी अनिवार्य कर दी गई है।
पहले भी बिलासपुर सेंट्रल जेल में गैंगवॉर, नशाखोरी और कमीशनखोरी जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में इस वायरल रील ने एक बार फिर जेल की व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाइट: खोमेश मंडावी, अधीक्षक, केंद्रीय जेल बिलासपुर

