बिना नोटिस पहुंची पुलिस और अर्धसैनिक बल, कर्मचारियों को जबरन बाहर निकाला।
न्यूजरूम बंद होने से खबरों का प्रसारण ठप, सैकड़ों कर्मचारियों का भविष्य संकट में।
नई दिल्ली में शुक्रवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जब देश की प्रमुख समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) के दफ्तर को पुलिस ने अचानक खाली करा दिया। यह दफ्तर लंबे समय से 9, रफी मार्ग पर चल रहा था।
बताया जा रहा है कि अचानक सरकारी अधिकारी, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के करीब 300 जवान मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से तुरंत दफ्तर खाली करने को कहा। अधिकारियों ने दावा किया कि वे कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन वे कोई लिखित आदेश नहीं दिखा सके।
कर्मचारियों ने कुछ समय देने और प्रबंधन के आने तक इंतजार करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। आरोप है कि कई कर्मचारियों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, को जबरन खींचकर और धक्का देकर बाहर निकाला गया। इस दौरान बदसलूकी और गाली-गलौच की भी बात सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान दफ्तर के गेट को बंद कर दिया गया, जिससे बाहर गए पत्रकार और अधिकारी अंदर नहीं जा सके। कई कर्मचारी अपना निजी सामान भी नहीं ले पाए।
इस अचानक हुई कार्रवाई से यूएनआई की अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। करीब 500 से ज्यादा ग्राहकों तक खबरें पहुंचना बंद हो गया है। इस घटना से न केवल एजेंसी के कामकाज पर असर पड़ा है, बल्कि सैकड़ों कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।


