बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, साहित्य, कला, जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए पिछले 37 वर्षों से सक्रिय बिलासा कला मंच ने वर्ष 2026 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही मंच की नई टीम ने आगामी प्रमुख आयोजनों की तिथियों पर भी मुहर लगा दी है।

घोषित कार्यकारिणी में महेश श्रीवास को अध्यक्ष, अश्विनी पांडे को सचिव और अनूप श्रीवास को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रामेश्वर गुप्ता और यश मिश्रा को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंच के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित नागरिकों को संरक्षक के रूप में शामिल किया गया है, जिनमें साहित्य, कला और समाजसेवा से जुड़े कई नामचीन व्यक्तित्व शामिल हैं।

बिलासा कला मंच के संस्थापक डॉ. सोमनाथ यादव ने बताया कि नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मंच का सबसे बड़ा आयोजन 36वां बिलासा महोत्सव आगामी 13, 14 और 15 मार्च को लालबहादुर शास्त्री स्कूल परिसर, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला और साहित्य को समर्पित रहेगा।

इसके अलावा होली पर्व के अवसर पर पिछले 32 वर्षों से लगातार आयोजित होने वाला लोकप्रिय हास्य आयोजन ‘मूर्खाधिराज अभिषेक एवं हास्य सम्मेलन’ इस वर्ष 1 मार्च को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपने व्यंग्य, हास्य और सामाजिक संदेशों के लिए जाना जाता है।
नई कार्यकारिणी ने विश्वास जताया है कि आने वाले समय में बिलासा कला मंच छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

