-0.5 C
New York
Tuesday, December 16, 2025

Buy now

बिलासपुर रेल हादसा: अपडेट..6 यात्रियों की मौत,राहत व बचाव जारी, राज्योत्सव के सभी कार्यक्रम रद्द…

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कर रहे हैं हादसे की मॉनिटरिंग, तोखन साहू व विष्णुदेव साय ने जताया गहरा दुख..

जिला प्रशासन ने बिलासपुर राज्योत्सव के सभी कार्यक्रम रद्द किए, शहर में पसरा सन्नाटा..

बिलासपुर। मंगलवार को बिलासपुर स्टेशन के समीप एक भीषण रेल हादसे में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मालगाड़ी और मेमू लोकल ट्रेन आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

रेल प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

रेल प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

इस दुखद घटना पर आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और सरकार हर संभव मदद करेगी। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद हादसे की निगरानी कर रहे हैं और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे हैं।इधर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

रेल मंत्रालय ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) के स्तर पर कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

राज्योत्सव कार्यक्रम रद्द, शहर में शोक का माहौल..
इस त्रासदी के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राज्योत्सव के तीसरे और अंतिम दिन के सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। रेल हादसे की खबर मिलते ही पूरा आयोजन शोक में बदल गया। प्रशासन ने कहा कि “इस समय पूरा शहर पीड़ा में है, ऐसे में जश्न मनाना उचित नहीं होगा।” शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। हर ओर मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

हेल्पलाइन नंबर जारी…

रेल प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
• बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
• चांपा – 8085956528
• रायगढ़ – 9752485600
• पेंड्रा रोड – 8294730162
• कोरबा – 7869953330
• उसलापुर – 7777857338

यात्री और उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रेल प्रशासन ने कहा है कि राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search