बिलासपुर। बिलासपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के यूनिटी मार्च के दौरान अप्रत्याशित रूप से पार्टी नेताओं के बीच आपसी टकराव देखने को मिला। मार्च की शुरुआत होते ही बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला और प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे के बीच सरेआम तीखी बहस छिड़ गई।
दरअसल, तिफरा से शुरू हुए इस मार्च में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ फर्स्ट लाइन में चलने को लेकर दोनों नेताओं में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि हर्षिता पांडे, तोखन साहू के साथ आगे चलने लगीं, जिससे विधायक सुशांत शुक्ला को जगह नहीं मिल पाई और वे पीछे की लाइन में चलने लगे। कुछ दूर बाद जब सुशांत शुक्ला फिर से आगे आने की कोशिश करने लगे, तभी हर्षिता पांडे भड़क गईं और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
मामला बढ़ता देख केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने बीच में आकर स्थिति को संभाला। हालांकि, तब तक विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
इस पूरे घटनाक्रम ने बीजेपी के यूनिटी मार्च के बीच ही संगठन में मतभेद की तस्वीर पेश कर दी है। पार्टी के भीतर इस तरह का टकराव अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

