7.3 C
New York
Monday, April 20, 2026

Buy now

बिलासपुर में पहली बार भगवान परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल..

बिलासपुर। अक्षय तृतीया के अवसर पर इस बार सरकंडा क्षेत्र में भगवान परशुराम जयंती को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। ब्राह्मण समाज और सेवादार समितियों के संयुक्त प्रयास से पहली बार भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए राजकिशोर नगर, श्री विहार, वसंत विहार, बहतराई, बिजौर, उरतुम, परसाही, बैमा-नगोई, बिरकोना, सेमरताल, सेलर, भांडी, भरारी, सेंदरी, गतौरी, सेमरा, अकलतरी, डगनिया और खारंग क्षेत्र के साथ-साथ शहर के कोनी, लोधीपारा, शिवघाट, पुराना सरकंडा, बंगालीपारा, देवनंदन नगर, विजयापुरम, जबड़ापारा, बंधवापारा, जोरापारा, इंदिरा विहार, नूतन कॉलोनी और चटर्जी गली तक जनसंपर्क किया गया है। हर इलाके में स्वागत मंच, जलपान और पुष्पवर्षा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

ध्वज यात्रा से होगी शुरुआत..

20 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे राजकिशोर नगर स्थित परशुराम चौक से ध्वज पूजन के साथ बाइक रैली निकाली जाएगी। बड़ी संख्या में युवा भगवा ध्वज के साथ इसमें शामिल होंगे। यह रैली आगे चलकर पदयात्रा का रूप लेगी।

अशोकनगर से निकलेगी मुख्य शोभायात्रा..

शाम 3:30 बजे सरकंडा के अशोकनगर चौक में संत शिरोमणि श्री राम भिक्षुक दास जी महाराज की प्रतिमा की पूजा-अर्चना के बाद मुख्य शोभायात्रा की शुरुआत होगी। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ यात्रा आगे बढ़ेगी।

इन मार्गों से गुजरेगी यात्रा..

शोभायात्रा नूतन चौक पहुंचेगी, जहां ग्राम देवता ठाकुर देवता और स्फटिकेश्वर महादेव की पूजा की जाएगी। इसके बाद यात्रा सिपत चौक, राम सेतु चौक और अरपा नदी पुल से होते हुए बाजपेयी मैदान पहुंचेगी।

बाजपेयी मैदान में विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जहां संत समागम, धर्मसभा, प्रवचन और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा।

भगवान श्री परशुराम सेवादार समिति के नेतृत्व में पूरे आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। कहीं स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं तो कहीं भंडारे की व्यवस्था की जा रही है। युवा और बुजुर्ग सभी मिलकर इस आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं।

पहली बार दिखेगा उत्सव जैसा माहौल..

सरकंडा क्षेत्र में पहली बार निकल रही इस शोभायात्रा को लेकर लोगों में खास उत्साह है। घर-घर सजावट की जा रही है, भगवान परशुराम की आरती और स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search