बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और स्वर्णकला बोर्ड के गठन पर सरकार ने दिए सकारात्मक संकेत।
हजारों सराफा व्यापारियों की मौजूदगी में सम्मान समारोह, BIS-GST कार्यशाला और रक्तदान शिविर भी रहा आकर्षण।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकाल की तृतीय आमसभा के अवसर पर मंगला स्थित रामदेव लॉन में भव्य ‘सराफा महासम्मेलन 2026’ का सफल आयोजन किया गया। “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” के संकल्प के साथ आयोजित इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में सराफा व्यापारी “बिलासपुर चलो” के आह्वान पर शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं प्रदेश की सभी क्षेत्रीय इकाइयों के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्णमूर्ति बांधी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सराफा संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

स्वर्णकला बोर्ड और जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क पर हुई चर्चा..
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आवंटित किए जाने पर आभार जताते हुए इसे जल्द शुरू कराने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित करने तथा स्थानीय कारीगरों के संरक्षण और पारंपरिक सराफा व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग की।
इस पर उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से ही बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की फाइल को निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के माध्यम से आगे बढ़ाने की बात कही।
कानूनी प्रक्रियाओं को आसान बनाने की मांग..
महासम्मेलन में धारा 317 बीएनएस (पूर्व धारा 411 आईपीसी) के दुरुपयोग को रोकने और सराफा व्यापारियों को होने वाली परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस पर उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे इसी दिन संबंधित विभाग से चर्चा कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे, ताकि व्यापार संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वरिष्ठ सदस्यों और सभी इकाइयों का सम्मान..
कार्यक्रम में सराफा क्षेत्र के संस्थापकों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ सदस्यों तथा प्रदेश की सभी जिला इकाइयों का सम्मान किया गया। इसी दौरान BIS और GST के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष कार्यशाला आयोजित कर हॉलमार्किंग, जीएसटी और नए नियमों से जुड़े विषयों पर व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया।
शहर के विकास के लिए हरसंभव प्रयास होंगे तोखन साहू..
महासम्मेलन के समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का तीसरा वर्ष नई उपलब्धियों वाला होगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी की सराफा व्यापारियों को एकजुट करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने एसोसिएशन से किया अपना वादा निभाते हुए सम्मेलन में शामिल होना जरूरी समझा।
रक्तदान शिविर बना आकर्षण..
महासम्मेलन के दौरान साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका..
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी और कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदेश स्तर पर अध्यक्ष कमल सोनी, प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, प्रदेश कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, चेयरमैन प्रदीप घोरपड़े, संजय कुमार कानूनगो, उत्तमचंद भंडारी, मदन अग्रवाल, राजू डुग्गड़, राजेश सोनी, सुनील सोनी तथा मीडिया प्रभारी आलोक सोनी ने आयोजन के सफल संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।
अंत में सभी अतिथियों, व्यापारियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया तथा ऐतिहासिक ‘सराफा महासम्मेलन 2026’ का सफल समापन हुआ।

