बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बिलासपुर महानगर की ओर से आईएमए भवन, सीएमडी चौक में “वन्दे मातरम् राष्ट्रभक्ति का अमर उद्घोष” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व से युवाओं को परिचित कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेन्द्र जैन, अध्यक्ष, वन्दे मातरम् मित्र मंडली ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास कुमार पाण्डेय, प्रांत अध्यक्ष, एबीवीपी ने अपने संबोधन में कहा कि वन्दे मातरम् भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इसके इतिहास और महत्व को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी बढ़ाने और भारतीय संस्कृति व मूल्यों के संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया।संगोष्ठी का संचालन अंशु निधि ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महानगर मंत्री अतिंद्र दीवान ने किया।


इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शैलेश द्विवेदी, प्रांत संगठन मंत्री निलेश कटारे, विभाग संगठन मंत्री हिमांशु मिश्रा, विभाग संयोजक हिमांशु कौशिक, डॉ. अमित बघेल, डॉ. संतोष सोनी, साक्षी श्रीवास्तव, वैष्णवी परसाई, प्रणव गौतम सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

