30.5 C
New York
Friday, July 17, 2026

Buy now

भारी बारिश को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, कलेक्टर ने राहत-बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश..

कच्चे मकानों के नुकसान पर आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल राहत देने के आदेश, लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील।

बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में पूरी गंभीरता और तेजी से जुटने के निर्देश दिए हैं। बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों और बस्तियों में पानी भरने की स्थिति बन गई है। कुछ जगहों पर कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना मिली है।

कलेक्टर ने राजस्व विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत पहुंचकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के कच्चे मकानों को बारिश से नुकसान पहुंचा है, उनके प्रकरण आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल तैयार किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना देरी के शासन के नियमानुसार राहत राशि मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे और राहत वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब नहीं होना चाहिए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों और मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदी-नालों के जलस्तर, जलभराव वाले इलाकों और निचली बस्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। यदि कहीं खतरे की स्थिति बनती है, तो प्रभावित लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को देने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

आम नागरिकों से प्रशासन की अपील..

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, रपटों और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें और बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें। यदि पुल, पुलिया या रपटा के ऊपर पानी बह रहा हो तो किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि जर्जर या क्षतिग्रस्त मकानों में रहने से बचें। यदि किसी का मकान बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ है या किसी इलाके में जलभराव की समस्या है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या राजस्व अधिकारियों को दें। जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का लगातार सर्वे कर रहा है और नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

कलेक्टर ने कहा कि बारिश के इस दौर में आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search