स्वतंत्रता दिवस से पहले सजा देशभक्ति का माहौल, वंदे मातरम् की धुन से कार्यक्रम की शुरुआत।
RPF बैंड ने दिल दिया है, जान भी देंगे और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे गीतों से बांधा समां।
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के पहले बिलासपुर के रिवर व्यू में देशभक्ति का माहौल नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के संयुक्त आयोजन में रंगारंग कार्यक्रम हुआ। RPF के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर शानदार प्रस्तुति देकर मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् की धुन से हुई। इसके बाद बैंड ग्रुप ने दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं। RPF बैंड ग्रुप की प्रस्तुति ने पूरे रिवर व्यू को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
RPF बैंड ग्रुप ने एसके पॉल की अगुवाई में प्रस्तुति दी। इस दौरान देशभक्ति गीतों की धुनों पर लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया।
तिरंगा सिर्फ झंडा नहीं, शहीदों के बलिदान की विरासत..
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी ने कहा कि तिरंगा उन स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी हमारे लिए केवल अधिकार नहीं, बल्कि वीर शहीदों के बलिदान से मिली अनमोल विरासत है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छता रखना, पानी बचाना और उसका सही उपयोग करना भी राष्ट्र सेवा का हिस्सा है।


जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों में राष्ट्र और तिरंगे के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करता है।
नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की शान है। असंख्य वीरों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली है। हर घर में तिरंगा शान से लहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के योगदान को कभी नहीं भूल सकता।

युवाओं से कहा- महापुरुषों से प्रेरणा लें, नशे से दूर रहें..
कार्यक्रम में मौजूद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे देश के महापुरुषों को अपना आदर्श बनाएं, सच्चाई के रास्ते पर चलें और मेहनत व लगन से अपना करियर बनाएं। कानून का पालन करें और नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान दें।

जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर सपूतों के लंबे संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद..
कार्यक्रम में एसडीएम मनीष साहू, नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, RPF के असिस्टेंट कमांडेंट सैयद निहाल, RPF के अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

