तनाव के बाद अब शांति की पहल.. 3 सितंबर को सड़कों पर उतरेगा बिलासपुर, निकलेगा शांति मार्च..

कलेक्टर-एसएसपी की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक, सभी समाजों से मार्च में शामिल होने की अपील।

बिलासपुर। शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के लिए 3 सितंबर को शांति मार्च निकाला जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में बुधवार को आयोजित शांति समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न समाजों और समुदायों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

शांति मार्च 3 सितंबर को शाम 4 बजे नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पर समाप्त होगा। समिति ने सभी समाजों और समुदायों के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शांति, एकता और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा बिना पुष्टि किसी भी संदेश को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में स्थिति अब सामान्य और शांतिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शांति बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आगामी तीज सहित अन्य आयोजनों को लेकर आयोजकों से सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन में नशे की हालत में या हथियार लेकर पहुंचने वाले लोगों को शामिल न होने दिया जाए।

एसएसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह, विवाद या संदिग्ध स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन पर भरोसा करें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने शांति और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर और एसएसपी का आभार जताया।

बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles