बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक शाला मुकुंदपुर में छात्राओं के DJ पर डांस का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मस्तूरी ने स्कूल के प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
शिक्षा विभाग के मुताबिक, स्कूल में छात्राओं के DJ पर डांस से जुड़ी गतिविधि उस समय सामने आई, जब त्रैमासिक परीक्षा का दौर चल रहा था। विभाग ने माना है कि परीक्षा के दौरान इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। साथ ही इसे शासन के निर्देशों के विपरीत और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है।
मामले को लेकर जारी नोटिस में प्रधान पाठक से पूरी घटना के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने स्कूल में हुई गतिविधि की संपूर्ण जवाबदारी प्रधान पाठक की बताई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करें।
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रधान पाठक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजा जा सकता है। शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद स्कूल प्रबंधन में भी हलचल बढ़ गई है।

फिलहाल मामला प्रधान पाठक के स्पष्टीकरण पर टिका है। शिक्षा विभाग की ओर से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।

