राहत केंद्रों का किया निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित लोगों से मिले मुख्यमंत्री..मकान, फसल और अन्य नुकसान का हो रहा सर्वे।
सुकमा। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को सुकमा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और राहत केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय सुकमा के साथ जगदलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे। वे प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं, राहत केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही सहायता की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की टीम भी राहत और बचाव व्यवस्था को लेकर सक्रिय रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के मकान, फसल और अन्य नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे और नुकसान के आकलन के बाद प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ जारी रखने तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर नजर रखने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

