बिलासपुर। राजनीति में बड़ा पद दिलाने का सपना दिखाकर एक महिला ने शिकायतकर्ता और उसके परिचितों से 82 लाख 63 हजार 194 रुपये ले लिए। आरोप है कि महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का प्रभावशाली कार्यकर्ता बताया और केंद्र व राज्य के बड़े नेताओं से करीबी होने का दावा करते हुए पार्टी में पद और ज्वाइनिंग कराने का भरोसा दिया। जब रकम वापस मांगने और पद के बारे में सवाल किया गया तो धमकी देने का आरोप भी सामने आया। मामले में सरकंडा पुलिस ने MCB जिले से निकहत परवीन शाबरी उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, बिलासपुर के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की साल 2025 में फेसबुक के जरिए निकहत परवीन से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद महिला ने पहले उसके जमीन विवाद को सुलझाने में मदद करने का भरोसा दिलाया। इससे दोनों के बीच विश्वास बढ़ा। इसके बाद शिकायतकर्ता की बेरोजगारी और राजनीति में रुचि को देखते हुए उसे राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में शामिल कराने का प्रस्ताव दिया गया।
शिकायत के मुताबिक इसके बाद पार्टी फंड, ज्वाइनिंग और कागजी प्रक्रिया सहित अलग-अलग कारण बताकर रकम मांगी जाने लगी। आरोप है कि पैसे सिर्फ शिकायतकर्ता से ही नहीं, बल्कि उसके परिचित सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के जरिए भी लिए गए। कुछ रकम नकद देने की बात भी शिकायत में कही गई है। पुलिस के मुताबिक अलग-अलग माध्यमों से कुल 82,63,194 रुपये लिए गए।
काफी समय गुजरने के बाद भी जब न तो राजनीतिक पद मिला और न ही रकम वापस की गई तो शिकायतकर्ता ने पैसे लौटाने और पद दिलाने को लेकर सवाल किया। जिसके बाद महिला ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी गई। इसके बाद चेतन आनंद दुबे ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के झगराखांड और खोंगापानी पहुंची और स्थानीय पुलिस व गवाहों की मौजूदगी में आरोपी महिला को उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, शिकायतकर्ता से जुड़े दस्तावेज और बायोडाटा जब्त किए गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी भी मिली। पुलिस के मुताबिक झगराखांड थाने में उसके खिलाफ वसूली, धमकी और जुआ प्रतिषेध अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। रायपुर के सिविल लाइन थाने में भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
सरकंडा पुलिस के अनुसार जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपी की पूर्व गतिविधियों के आधार पर मामलें में बीएनएस की अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। जिसके बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।

