बिलासपुर में रील्स का खतरनाक ट्रेंड.. हाथ में चाकू, शराब के दावे और मारपीट के वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील और ज्यादा से ज्यादा व्यूज की चाहत अब शहर में नए तरह की चुनौती बनती दिखाई दे रही है। हथियारों के साथ रील्स बनाने का ट्रेंड युवाओं से होता हुआ अब युवतियों तक भी पहुंच गया है। बिलासपुर में सामने आए तीन अलग-अलग वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। किसी वीडियो में युवती हाथ में चाकू लहराती नजर आ रही है, तो किसी में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का दावा किया जा रहा है। तीसरे वीडियो में युवतियों के बीच मारपीट दिखाई दे रही है।

पहले वीडियो में एक युवती हाथ में सिगरेट और चाकू लिए नजर आ रही है। वीडियो में वह कैमरे के सामने चाकू लहराती दिखाई देती है। वीडियो वायरल होने के बाद हथियार के खुले प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कहां और कब बनाया गया तथा उसमें दिखाई दे रही युवती कौन है।

दूसरा वीडियो देर रात का बताया जा रहा है। इसमें सड़क किनारे दो युवतियां बैठी दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि दोनों सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रही थीं। हालांकि, वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो की वास्तविकता और उसके पूरे संदर्भ की जांच कर रही है।

तीसरे वीडियो में मामला सीधे विवाद और मारपीट तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवतियों के दो गुट नजर आते हैं और कुछ युवतियां मिलकर एक युवती के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। इस मामले में पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवतियों की पहचान कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

इन तीनों वीडियो ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के दौरान कानून और सार्वजनिक मर्यादा से जुड़े सवाल खड़े किए हैं। हालांकि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का फोकस सिर्फ वीडियो की कंटेंट पर नहीं, बल्कि उसकी वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पर है।

एएसपी पंकज पटेल ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो कब और कहां बनाया गया, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना की वास्तविकता सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और संवेदनशील स्थानों पर इस तरह के वीडियो बनाने को लेकर सख्त हिदायत दी है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles