बिलासपुर में 5.36 करोड़ के विकास कार्यों की रफ्तार तेज, स्कूल-कॉलेज से वार्डों तक बदलेगी सुविधाओं की तस्वीर..

बिलासपुर। शहर में शिक्षा से लेकर पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं तक विकास का दायरा बढ़ने जा रहा है। बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 5.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। विधायक अमर अग्रवाल के प्रस्ताव पर अलग-अलग वार्डों और शासकीय संस्थानों में निर्माण व अधोसंरचना से जुड़े काम किए जाएंगे। इनमें स्कूल-कॉलेजों में नए कक्ष, हॉल, शौचालय, चेंजिंग रूम और फर्नीचर के साथ सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, शेड, बाउंड्रीवाल और मरम्मत-जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं।

इन प्रस्तावित कार्यों में शहर की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। खासकर शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाने और विद्यार्थियों के लिए जरूरी अधोसंरचना तैयार करने पर जोर है। वहीं अलग-अलग वार्डों में सामुदायिक उपयोग की सुविधाओं को विस्तार देने की योजना है।

स्कूल-कॉलेजों में बढ़ेंगी जरूरी सुविधाएं..

शहर के कई प्रमुख शासकीय शिक्षण संस्थानों में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में टॉयलेट यूनिट और चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे दुबे सेजेस शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हॉल का निर्माण होगा। पंडित देवकीनंदन शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष और शौचालय बनाए जाएंगे।

राजेंद्र नगर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में तीन अतिरिक्त कक्ष बनाए जाने हैं, जबकि स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा अन्य स्कूलों में भी जरूरत के मुताबिक निर्माण और अधोसंरचना से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

वार्डों में सामुदायिक भवन से सांस्कृतिक मंच तक काम..

शहर के अलग-अलग वार्डों में भी विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया है। सामुदायिक भवन, हॉल, शेड और सांस्कृतिक मंचों के निर्माण के साथ पुराने भवनों के मरम्मत और जीर्णोद्धार के काम होंगे। कल्पना विहार, नेहरू नगर-महावीर नगर, ग्रीन गार्डन कॉलोनी, कुदुदंड, गोंड़पारा, पंचशील बुद्ध विहार, साईं धाम तोरवा, लंबोदर नगर, अशोक नगर, अरविंद नगर-जोरापारा और लोधीपारा समेत कई क्षेत्रों में इन कार्यों का लाभ पहुंचने की बात कही गई है।

30 सरकारी संस्थानों में लगेंगे वाटर कूलर..

विकास कार्यों के साथ शहर में पेयजल सुविधा बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। 30 शासकीय संस्थानों में 30 लाख रुपये की लागत से वाटर कूलर लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर करीब एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस योजना के दायरे में सीएमडी कॉलेज, डीपी विप्र महाविद्यालय, शासकीय जमुना प्रसाद वर्मा पीजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, शासकीय बिलासा कन्या पीजी कॉलेज, शासकीय आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल, सिम्स, जिला अस्पताल और जिला न्यायालय परिसर सहित विभिन्न शासकीय संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा जरहाभाठा, राजेंद्र नगर, शंकर नगर, बंधवापारा, सरकंडा, तोरवा, जूना बिलासपुर, कुदुदंड और सिंधी कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों के शासकीय स्कूलों में भी वाटर कूलर लगाए जाएंगे।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। शिक्षा, पेयजल और नागरिक सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles