रायपुर। एशियन गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी के लिए राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान घोषित किया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। संजू देवी कोरबा जिले की रहने वाली हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, जरूरी संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत भी की। उन्होंने संजू की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मैदान पर किसी खिलाड़ी की जीत सिर्फ उसके लिए नहीं होती, बल्कि उसकी सफलता दूसरे खिलाड़ियों और युवाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला देती है।

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस स्वर्णिम अभियान में छत्तीसगढ़ की संजू देवी भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। उनकी इस उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करते हुए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खासकर प्रदेश के दूरस्थ इलाकों और छोटे शहरों से निकलने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के दूसरे युवा खिलाड़ियों के लिए भी नई राह खोलती हैं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह सहयोग उन्हें आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

