बिलासपुर। बिना टिकट और गलत टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे ने सख्ती बढ़ा दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने बिलासपुर स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन से गुजरने वाली 14 ट्रेनों की जांच की गई। जांच में कुल 243 मामले सामने आए और रेलवे ने इनसे 2 लाख 810 रुपये जुर्माना वसूला।
जांच के दौरान 204 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। इनसे रेलवे ने 1 लाख 80 हजार 135 रुपये जुर्माना वसूला। वहीं गलत या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने के 27 मामले सामने आए, जिनसे 19 हजार 475 रुपये वसूले गए। इसके अलावा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 12 मामलों में 1,200 रुपये जुर्माना लगाया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकट जांच का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को नियमों के अनुसार यात्रा करने के लिए जागरूक करना है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपना उचित टिकट जरूर लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट का इस्तेमाल करें।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेनों और स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने और धूम्रपान से बचने की भी अपील की है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों के सहयोग से यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

