बच्चों की कल्पना से निकली विकसित भारत की तस्वीर, मंच पर दिखी प्रतिभा..

बिलासपुर। मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल दयालबंद में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने चित्रों और भाषण के जरिए विकसित भारत, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर अपनी बात रखी।

प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता देखते ही बनी। किसी ने स्वच्छ और सुंदर भारत का चित्र बनाया तो किसी ने तकनीक और आत्मनिर्भरता को अपने चित्र का विषय बनाया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश के विकास में युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी पर विचार रखे।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश के बच्चे और युवा इसमें अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के विचारों में भविष्य के भारत की झलक दिखाई देती है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि देश के विकास के लिए आर्थिक मजबूती के साथ सुरक्षा और आत्मनिर्भरता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत ज्ञान, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और पीएम गति शक्ति मिशन जैसी पहलों का उल्लेख किया।

उन्होंने मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनके जरिए छोटे कारोबार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने के बजाय अपना काम शुरू कर दूसरों को रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता, शिक्षा, खेल और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी देश को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और विजेता बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना भी की।

कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, विधायक सुशांत शुक्ला, पूजा विधानी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles