27.3 C
New York
Thursday, August 20, 2026

Buy now

नगरीय प्रशासन के नए PS सोनमणि बोरा का पहला एक्शन, रोज वार्डों में उतरेंगे अफसर, घर-घर कचरा अलग करने पर जोर..

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन गुरुवार को मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), नालंदा परिसर, अधोसंरचना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

रोजाना वार्डों का दौरा करने के निर्देश..

प्रमुख सचिव बोरा ने सभी नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपर आयुक्त, उपायुक्त, जोन आयुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ रोजाना वार्डों का भ्रमण करने कहा। उन्होंने मैदानी निरीक्षण के फोटो विभागीय वाट्सऐप ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ नागरिकों तक समय पर पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करना जरूरी है।

पीएम आवास और अमृत मिशन की समीक्षा..

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की घटकवार प्रगति की समीक्षा की गई। श्री बोरा ने पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ देने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

अमृत मिशन के तहत नगरीय क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कार्यालय में मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर काम की समीक्षा न करें, बल्कि नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और नागरिकों को मिल रहे लाभ का आकलन करें। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए।

घर, बाजार और सार्वजनिक जगहों पर कचरा अलग-अलग करने पर जोर..

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने कचरा प्रबंधन और शहरों की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निकायों में चार डस्टबिन व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से लागू करने, कचरे के उचित संग्रहण और प्रबंधन की नियमित निगरानी करने कहा।

उन्होंने प्रमुख बाजारों में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसी नियमित व्यवस्था होनी चाहिए, जिसका असर जमीन पर साफ दिखाई दे।

38 नालंदा परिसरों का निर्माण जल्द पूरा करने कहा..

प्रमुख सचिव बोरा ने राज्य की महत्वाकांक्षी योजना नालंदा परिसर-सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन के तहत विभिन्न निकायों में निर्माणाधीन 38 नालंदा परिसरों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए इन्हें तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण पूरा होने तक लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें, कंप्यूटर पैनल्स, लाइब्रेरियन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली जाएं, ताकि परिसर तैयार होते ही विद्यार्थियों को लाइब्रेरी की सुविधा मिल सके।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश..

बोरा ने रायपुर नगर निगम आयुक्त को शहर के पर्यटन स्थलों की पहचान कर वहां शुद्ध पेयजल, सुगम शौचालय, डस्टबिन और पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरों में अर्बन फॉरेस्ट्री विकसित करने और पब्लिक गार्डन के पुनरुद्धार की कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके लिए पीपीपी मोड पर फंड की व्यवस्था के विकल्प तलाशने के निर्देश भी दिए।

नगरीय निकायों के परिसीमन के बाद शामिल नए क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, सफाई, शहरी हरियाली और अर्बन एग्रीकल्चर को प्राथमिकता देते हुए योजना तैयार करने कहा गया।

पुरानी हाउसिंग योजनाओं और शिकायतों पर भी फोकस..

प्रमुख सचिव ने पूर्व में बनाए गए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की मरम्मत, स्लम रिडेवलपमेंट और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के लिए उपलब्ध ईडब्ल्यूएस भूमि पर व्यवहारिक व्यावसायिक प्रोजेक्ट के नए विकल्प तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में नए और अलग तरीके से सोचकर काम करने पर जोर दिया।

उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल के महत्वपूर्ण कार्यों और नवाचारों के अनुभव भी अधिकारियों के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि शहरों के विकास और नगरीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय जरूरी है। इससे जमीनी स्तर पर कार्यों की स्थिति और प्रगति की सही जानकारी मिलती रहती है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और सीपीग्राम्स (CPGRAMS) पोर्टल से मिलने वाली शिकायतों का समय-सीमा में पूरी निष्ठा से निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम बिरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, उप सचिव भागवत जायसवाल, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि, सचित साहू तथा अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह मौजूद थे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search