पुलिस मैदान में रात तीन बजे से लगी कतारें, 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने की पूछताछ।
25 एसी बसों और 10 कारों से 25 मार्च को अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा जत्था।

बिलासपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या धाम की निशुल्क यात्रा के लिए रविवार को सिविल लाइन स्थित पुलिस मैदान में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आधी रात के बाद से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे और सुबह तीन बजे से लंबी कतारें लग गईं। हर किसी की इच्छा थी कि उसे भी प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल जाए।
सुबह काउंटर खुलते ही “जय श्री राम” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सुबह साढ़े सात बजे 1008 टोकन जारी कर दिए गए। कुछ ही घंटों में सभी पंजीयन पूर्ण हो गए।

इस यात्रा की खास बात यह रही कि पहली बुकिंग प्रतीकात्मक रूप से हनुमान जी के नाम दर्ज की गई। राम रथ की पहली सीट पर हनुमान जी विराजेंगे।
कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रिकॉर्ड उत्साह, 5000 से अधिक लोगों ने की पूछताछ..
अयोध्या दर्शन समिति के अनुसार इस वर्ष यात्रा को लेकर रिकॉर्ड उत्साह देखने को मिला। 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने संपर्क कर पंजीयन की जानकारी ली। हालांकि निर्धारित 1008 सीटें ही उपलब्ध थीं, जो कुछ ही समय में भर गईं। दोपहर 12 बजे तक भी कई लोग मैदान में मौजूद रहे।
महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी..
यात्रा के लिए 18 से 65 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई थी। श्रद्धालुओं का पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य रखा गया। एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को अनुमति दी गई। पंजीयन के लिए स्वयं उपस्थित होना, दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना जरूरी था। सभी नियमों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
25 मार्च को रवाना होगा जत्था..
रामनवमी 26 मार्च को मनाई जाएगी। इसके एक दिन पहले 25 मार्च की सुबह 11 बजे पुलिस मैदान से 1008 रामभक्तों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। यात्रा के लिए 25 एसी बसों और 10 कारों की व्यवस्था की गई है। सभी श्रद्धालु निर्धारित वाहनों से ही प्रस्थान करेंगे।
आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य रहे उपस्थित..
यात्रा संयोजक एवं समाजसेवी प्रवीण झा के नेतृत्व में पूरी टीम ने व्यवस्थाओं को संभाला। इस दौरान प्रदीप झा, राम प्रताप सिंह, अमरेंद्र कंठ, रौशन सिंह, ललित पुजारा, विनोद मित्तल, संदीप केडिया, निलेश जोबनपुत्रा, मुकेश अग्रवाल, दिव्यांश झा, रिंकू मित्रा, हरिशंकर कुशवाहा, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव अग्रवाल, अजित पंडित, उचित सूद, संजय द्विवेदी, राकेश राय, जयदीप घोष, राजीव गिरी, ईश्वर यादव, सन्नी गिरी, शौलेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, सागर साहू, शुभम राय, रवि साहू, मुकेश झा, प्रणव विश्वकर्मा, शशांक ठाकुर और हर्ष सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

