10.2 C
New York
Sunday, March 15, 2026

Buy now

एलपीजी गैस की किल्लत पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन.. सिलेंडर को दी श्रद्धांजलि।

बिलासपुर। देश में एलपीजी गैस की कमी को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को बिलासपुर में कांग्रेसियों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि देकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई।

प्रदर्शन के दौरान जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत है, लेकिन सरकार इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। कई बार एजेंसियों के फोन भी नहीं लगते और लोगों को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार बार-बार यह कह रही है कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम लोगों को इतनी परेशानी क्यों हो रही है। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति में आम जनता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है।

वहीं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई घरों में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। लोगों को गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कभी केवाईसी तो कभी आधार अपडेट के नाम पर भी उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सर्वर बार-बार बंद होने से समस्या और बढ़ गई है। फिलहाल ऑनलाइन और मिस्ड कॉल के जरिए गैस सिलेंडर की बुकिंग भी प्रभावित बताई जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी है, उन्हें भी सिलेंडर की डिलीवरी 10 से 12 दिन बाद मिलने की बात कही जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य करे और पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search