बिलासपुर। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य नजारा ग्राम खैरा स्थित ऐतिहासिक जगशाला परिसर में देखने को मिला। बिलासपुर जिला यादव समाज (बेलतरा विधानसभा) द्वारा आयोजित पारंपरिक गोवर्धन पूजा उत्सव इस वर्ष भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मंगलवार को आयोजित इस समारोह में बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की व्यापक सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। पूरा जगशाला परिसर भगवान गोवर्धन के जयकारों और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती और हवन के साथ हुआ शुभारंभ..
उत्सव का शुभारंभ भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के मंदिर जगशाला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पर्वत की विशेष पूजा-अर्चना से हुआ। विधि-विधान से पूजा के बाद महाआरती और हवन संपन्न कराया गया। समाज के लोगों ने भगवान गोवर्धन के समक्ष शीश नवाकर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए।

विधायक सुशांत शुक्ला बोले- समाज की एकजुटता और भाईचारे का प्रतीक है यह आयोजन..
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे। समारोह की अध्यक्षता पूर्व महापौर रामशरण यादव ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सोमनाथ यादव (पूर्व अध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, छत्तीसगढ़ शासन), जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, विजय केशरवानी एवं सिद्धांशु मिश्रा शामिल हुए।
मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का महत्वपूर्ण अवसर है। बिलासपुर जिला यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह उत्सव समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का सराहनीय माध्यम है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष गोवर्धन पूजा का आयोजन पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी रहती है। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक साथ शामिल होकर अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं।
डॉ. सोमनाथ यादव ने प्रकृति संरक्षण को बताया गोवर्धन पूजा का मूल संदेश..
अति विशिष्ट अतिथि डॉ. सोमनाथ यादव ने गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराता है। पेड़-पौधे, नदियां, पर्वत और पशु-पक्षी मानव जीवन के अभिन्न आधार हैं। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा प्रकृति के संरक्षण और उसके सम्मान का दिया गया संदेश आज के आधुनिक दौर में भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने समाज से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

समारोह को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भुनेश्वर यादव, विजय केशरवानी, सिद्धांशु मिश्रा और लक्ष्मी यादव सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।
दूध वितरण और नशामुक्त आयोजन बना विशेष आकर्षण..
आयोजन की एक खास पहल समाज की पारंपरिक पहचान और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी रही। यादव समाज के पारंपरिक व्यवसाय एवं संस्कृति को सम्मान देते हुए समारोह में पहुंचे अतिथियों और समाज के लोगों को प्रसाद स्वरूप दूध वितरित किया गया। वहीं, धार्मिक आयोजन की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए जगशाला परिसर में गुटखा, तंबाकू, धूम्रपान और किसी भी प्रकार के नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया था। समाज के सभी लोगों ने इस नियम का पूरी निष्ठा से पालन कर नशामुक्त आयोजन का सकारात्मक संदेश दिया।

इस अवसर पर बहोरन यादव, लक्ष्मी यादव, प्रह्लाद यादव, ईश्वर यादव, रामकुमार यादव, नीरज यादव, शंकर यादव, मनीष यादव, आकाश यादव, सुखनंदन यादव, धनंजय सिंह, सुनील सोनकर, अमित यादव, शैलेंद्र यादव, सतीश यादव, गौरीशंकर यादव, उमेश गौरहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन समाज के अध्यक्ष शिवशंकर यादव ने दिया। संचालन सचिव कृष्ण कुमार यादव ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष अनिल यादव ने आभार प्रदर्शन किया।समारोह के समापन पर जिलेभर से पहुंचे समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से प्रसाद एवं भोजन ग्रहण किया।

