बिलासपुर। शहर के करबला इलाके में शनिवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बीजेपी कार्यालय के पास स्थित आहूजा टीवी सेंटर और साईं इलेक्ट्रॉनिक दुकान अचानक आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दोनों दुकानों से उठती आग की ऊंची लपटों और घने धुएं ने आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में एक साथ आग भड़कने से आसपास के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ आग पर काबू पाने और उसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, इस घटना में दोनों दुकानों को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन भी फिलहाल नहीं हो पाया है।
पूरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के करबला इलाके में बीजेपी कार्यालय के पास की है। दो दुकानों में एक साथ आग लगने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल दमकल की तीनों गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग लगने के कारणों और दुकानों को हुए नुकसान की वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

