बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में विभिन्न जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसी कड़ी में रविवार को बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति और तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने जिले भर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई गंभीर जन समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय जवाब देने से बचती नजर आ रही है।
मीडिया से चर्चा करते हुए विजय जांगिड़ ने कहा कि किसानों से धान खरीदी को लेकर सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाएं भी चिंता का विषय बन गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में किए जा रहे बदलावों से भी ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मजदूरों और गरीब वर्ग के लोगों पर असर पड़ रहा है।
विजय जांगिड़ ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाएं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि सरकार जनता से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पार्टी आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी। इस बैठक के जरिए कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिया है कि प्रदेश में जन समस्याओं को लेकर विरोध और आंदोलन का दौर अब और तेज हो सकता है।
बैठक में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया,कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल, शैलेश नितिन त्रिवेदी, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष, महेंद्र गंगोत्री एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष, सुधांशु मिश्रा, विजय केसरवानी, विजय पांडे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।
विजय जांगिड़, (कांग्रेस सह प्रभारी, छत्तीसगढ़)

