24.8 C
New York
Thursday, August 13, 2026

Buy now

फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखी 15 अगस्त की पूरी झलक, पुलिस परेड ग्राउंड में गूंजा देशभक्ति का जज्बा..

ध्वजारोहण से मार्च पास्ट तक हुआ हूबहू पूर्वाभ्यास, छह स्कूलों के बच्चे देंगे देशभक्ति प्रस्तुतियां।

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह से पहले पुलिस परेड ग्राउंड में गुरुवार सुबह 15 अगस्त के आयोजन की पूरी तस्वीर नजर आई। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैंड प्रदर्शन समेत पूरे समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल कराया गया। मुख्य समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे।

रिहर्सल के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परेड से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह तक प्रत्येक गतिविधि का निरीक्षण किया। जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।

13 टुकड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट..

फुल ड्रेस रिहर्सल में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद परेड निरीक्षण तथा 13 टुकड़ियों के मार्च पास्ट का अभ्यास हुआ। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह की तैयारियों की झलक दिखाई। मुख्य कार्यक्रम में इस बार छह स्कूलों के विद्यार्थी सामूहिक रूप से देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।

ताइक्वांडो प्रदर्शन रहेगा खास आकर्षण..

इस बार समारोह में बच्चों का साहसिक खेल ताइक्वांडो प्रदर्शन खास आकर्षण रहेगा। इसके अलावा जिला पुलिस और केंद्रीय जेल की संयुक्त बैंड टीम देशभक्ति की धुनों पर प्रस्तुति देगी। समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद जवानों और नागरिकों के परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया जाएगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान..

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहीं ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

कलेक्टर ने दिए व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश..

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित और आकर्षक हो। नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने भी सुरक्षा और परेड से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अब 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित होगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search