ट्रेन से उतरते ही बाइक तैयार,100 रुपए से शुरू किराया, बिलासपुर स्टेशन पर रेंटल सेवा शुरू..

ऑटो-टैक्सी के इंतजार से मिलेगी राहत, 24 घंटे मिलेगी सुविधा DL और आधार कार्ड से ले सकेंगे बाइक।

बिलासपुर। अब बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद शहर में कहीं जाने के लिए ऑटो या टैक्सी तलाशने की जरूरत नहीं होगी। स्टेशन परिसर से ही बाइक किराए पर लेकर यात्री अपनी मंजिल तक आसानी से पहुंच सकेंगे। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा शुरू कर दी गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहली बाइक रेंटल सुविधा है।

स्टेशन के कोच रेस्टोरेंट के पास शुरू की गई इस सुविधा का शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह समेत वाणिज्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

100 रुपए में 4 घंटे, पूरे दिन का किराया 400 रुपए..

बाइक रेंटल की दरें समय के हिसाब से तय की गई हैं। यात्री 100 रुपए में 4 घंटे तक बाइक ले सकेंगे। वहीं 4 से 8 घंटे के लिए 200 रुपए, 8 से 16 घंटे के लिए 300 रुपए और 16 से 24 घंटे के लिए 400 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। यानी यात्री अपनी जरूरत के अनुसार कुछ घंटों से लेकर पूरे दिन तक बाइक किराए पर ले सकेंगे।

रात में भी मिलेगी सुविधा..

इस सेवा की खास बात यह है कि बाइक रेंटल सुविधा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इसका फायदा देर रात या सुबह ट्रेन से बिलासपुर पहुंचने वाले यात्रियों को भी मिल सकेगा। बाइक लेने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड अनिवार्य होगा।

टैक्सी का इंतजार नहीं, अपने हिसाब से करें सफर..

स्टेशन से शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा समय और खर्च दोनों बचाने वाली साबित हो सकती है। खासकर कम दूरी के सफर के लिए यात्री टैक्सी या ऑटो के इंतजार के बजाय सीधे बाइक लेकर अपनी सुविधा के अनुसार निकल सकेंगे।

पर्यटकों से लेकर छात्रों तक को फायदा..

बाइक रेंटल सेवा का लाभ केवल रेल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। बिलासपुर आने वाले पर्यटक, छात्र, व्यवसायिक यात्री और स्थानीय नागरिक भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। शहर के प्रमुख स्थानों तक पहुंचने या कम समय में कई जगहों का भ्रमण करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा खास उपयोगी होगी।

रेलवे की यह पहल स्टेशन से शहर तक स्थानीय आवागमन को आसान बनाने के साथ यात्रियों को परिवहन का एक किफायती और स्वतंत्र विकल्प उपलब्ध कराती है। बिलासपुर स्टेशन पर शुरू हुई यह सुविधा आने वाले दिनों में यात्रियों के लिए शहर में आवाजाही का नया और सुविधाजनक विकल्प बन सकती है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles