परिवार और बच्चों के साथ खतरनाक जगह पर पहुंचे लोग.. रतनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाहर निकाला, कराई उठक-बैठक।
बिलासपुर। बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर का तेज बहाव लोगों के लिए जानलेवा हो सकता है, लेकिन कुछ लोग इसी खतरे के बीच सेल्फी और रील बनाने के लिए पहुंच गए। सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट पर ताला होने के बावजूद लोगों ने उसे पार किया और पानी के तेज बहाव के बिल्कुल करीब खड़े होकर फोटो-वीडियो बनाने लगे। हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग अपने परिवार, महिलाओं और बच्चों को भी लेकर इस खतरनाक जगह पर पहुंच गए।
मामले की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गेट पार कर अंदर पहुंचे लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी इस लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई। पुलिस ने समझाया कि बारिश के दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है और जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। इसके बावजूद खतरे वाली जगह पर सेल्फी और रील बनाना अपनी जान को जोखिम में डालना है।
पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले लोगों को मौके पर ही उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी। साथ ही साफ शब्दों में कहा कि सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट और बैरिकेड किसी वजह से नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए लगाए गए हैं। इन्हें पार कर प्रतिबंधित क्षेत्र में जाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
बारिश के मौसम में खूंटाघाट सहित नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर के आसपास पानी का बहाव बेहद खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे स्थानों पर स्टंटबाजी रोमांच या फोटो-वीडियो के लिए खतरा मोल न लें। खासकर बच्चों और परिवार के साथ आने वाले लोग सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और प्रतिबंधित क्षेत्र से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।
रतनपुर पुलिस द्वारा ऐसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि एक सेल्फी या कुछ सेकंड की रील जिंदगी से बड़ी नहीं हो सकती। बारिश के दौरान सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और अपने साथ अपने परिवार को भी खतरे से दूर रखें।

