बिलासपुर। चिंगराजपारा स्थित गंधर्व समाज भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सीबीआई मजिस्ट्रेट प्रभाकर ग्वाल थे। विशिष्ट अतिथि समाज की अध्यक्ष कौशिल्या गंधर्व और सचिव एवं भाजपा नेता राजकुमार गंधर्व रहे। इस दौरान समाज के पदाधिकारी, सदस्य और आसपास के मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रभाकर ग्वाल ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी चाहिए।
समाज अध्यक्ष कौशिल्या गंधर्व ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने दायित्वों के साथ समाज में एकता, भाईचारा और सहयोग बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, समाजसेवा और रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

इस खास अवसर पर समाज सचिव राजकुमार गंधर्व ने कहा कि देश की आजादी और एकता को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक उत्थान और सेवा कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान रामकुमार गंधर्व, राम शरण गंगे, कृष्ण कुमार चौहान, पंकज गंधर्व, विजय सागर, दुर्गा गंधर्व सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने तिरंगे को सलामी देकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने चिंगराजपारा में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना दिया।

