बिलासपुर में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ शुरू.. 845 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज..

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने किया शुभारंभ, पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ी.. चार दिन तक बेसबॉल, तैराकी और वाटरपोलो समेत कई स्पर्धाओं में होगा मुकाबला।

बिलासपुर। न्यायधानी में गुरुवार को खेल प्रतिभाओं के बड़े मंच का आगाज हुआ। पुलिस ग्राउंड में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में हुआ। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में खिलाड़ियों ने जोश और उत्साह के साथ मार्चपास्ट किया और अनुशासन के साथ खेल भावना का संदेश दिया।

पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ें बच्चे ..

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की युवा पीढ़ी पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करेगी। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

खेल प्रतिभाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का बेहतर मंच..

विशिष्ट अतिथि एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बस्तर खेल महोत्सव और सरगुजा खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वातावरण तैयार किया जा रहा है।

जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना ..

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार अपनी जगह है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है प्रतियोगिता में भाग लेना, अनुशासन बनाए रखना और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत बनाते हैं। साथ ही आज खेल के क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए करियर के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

इन खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का हुनर..

प्रतियोगिता के दौरान बिलासपुर के प्रमुख खेल मैदानों में विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें बेसबॉल, तैराकी और वाटरपोलो सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। बेसबॉल के मुकाबले छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में होंगे, जबकि तैराकी और वाटरपोलो की स्पर्धाएं संजय तरण पुष्कर, बिलासपुर में आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली इन स्पर्धाओं में पांचों संभागों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खिलाड़ियों के लिए रहने से लेकर भोजन-परिवहन तक व्यवस्था..

संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और ऑफिशियल के लिए आवास, शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

छात्राओं की प्रस्तुति ने बांधा समां..

शुभारंभ समारोह में पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. भारती दुबे ने किया। वहीं मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में आशीष मिश्रा और शाहिद हुसैन ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया।

समारोह में ये रहे मौजूद..

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक शिक्षा अश्वनी कुमार भारद्वाज, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक खेल जी.डी. गर्ग, बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक, बीईओ कोटा गोपाल दुबे, सुशील मिश्रा, डॉ. सुरेश शुक्ला, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के अध्यक्ष रितेश सिंह, सचिव मृत्युंजय शर्मा, अजय त्रिपाठी, सुभाष त्रिपाठी, अभ्युदय तिवारी और पीएम श्री स्कूल सरकंडा की प्राचार्य डॉ. गायत्री तिवारी सहित खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles