बांके बिहारी के दर्शन को निकले 800 वरिष्ठ नागरिक, बिलासपुर से गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई आस्था की रेल…

बिलासपुर। बरसों से मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन की इच्छा संजोए बैठे 800 वरिष्ठ नागरिकों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के वरिष्ठ नागरिकों का जत्था विशेष ट्रेन से मथुरा-वृंदावन की तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से राज्य शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया। तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद यह जत्था 24 सितंबर को बिलासपुर लौटेगा।

तीर्थयात्रियों को रवाना करने से पहले रेलवे स्टेशन पर उनका तिलक लगाकर, पुष्पमाला और कंठीमाला पहनाकर स्वागत किया गया। स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ यात्रियों को उत्साहपूर्वक विदाई दी गई। मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया। यात्रियों ने यात्रा के लिए खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

तीर्थयात्रियों ने कहा कि वे भगवान श्रीकृष्ण और श्री बांके बिहारी के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना करेंगे। यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख के लिए चिकित्सा अधिकारी और लाइजनिंग अधिकारी भी उनके साथ गए हैं।

बिलासपुर की दीनदयाल कॉलोनी निवासी ताम्रध्वज वर्मा ने बताया कि मथुरा-वृंदावन जाने की उनकी लंबे समय से इच्छा थी। आर्थिक स्थिति के कारण यह इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें पहली बार श्रीकृष्ण की नगरी जाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए शासन के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग विभाग की सभापति अंबिका बिनोद साहू सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक तिलकेश प्रसाद भावे, नगर निगम समाज कल्याण अधिकारी डॉ. रेनुका पिंगले सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles