भुवनेश्वर में दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच अहम बातचीत, छत्तीसगढ़-ओडिशा के साझा मुद्दों और विकास पर भी हुई चर्चा।
रायपुर। महानदी जल विवाद के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे के समाधान को लेकर अब उम्मीद बढ़ी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान महानदी जल विवाद का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करते हुए साझा विषयों को जनता के हित में आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक चर्चा हुई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। दोनों राज्यों के बीच कई साझा विषय हैं और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग और संवाद को और मजबूत किया जाएगा।
महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद का बहुत जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।

