नंबर प्लेट छिपाकर चल रहे हैं तो संभल जाइए.. बिलासपुर में 724 वाहनों पर कार्रवाई, 7.24 लाख का चालान। पढिए पूरी खबर..

बिलासपुर। अगर आप भी अपने वाहन की नंबर प्लेट पर टेप, कागज, स्टीकर, मैग्नेट, कपड़ा या पॉलीथिन लगाकर नंबर छिपाकर चल रहे हैं, तो अब सावधान हो जाइए। बिलासपुर यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने अब तक 724 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 24 हजार रुपए का चालान शुल्क वसूल किया है। कई मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि कुछ मामलों में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

दरअसल, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने और मोडिफाइड साइलेंसर से तेज, कर्कश और कानफोड़ू आवाज निकालने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, चालान से बचने के लिए कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट के साथ अलग-अलग तरीके से छेड़छाड़ करते हैं। कोई नंबर पर टेप या कागज चिपका देता है तो कोई मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा या पॉलीथिन लगाकर नंबर ढंक देता है। कुछ मामलों में नंबर प्लेट को मोड़कर भी पहचान छिपाने की कोशिश की जाती है। ऐसे वाहनों की अब शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों और यातायात प्वाइंट पर विशेष निगरानी की जा रही है।

इसके लिए यातायात पुलिस के सभी पॉइंट पर तैनात जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी गई है। किसी वाहन को उसकी रफ्तार के कारण तत्काल रोकना संभव नहीं होने पर उसकी सूचना कंट्रोल रूम के जरिए आगे तैनात यातायात और स्थानीय पुलिस बल को देने की व्यवस्था की गई है, ताकि अगले चौक या चेकिंग प्वाइंट पर वाहन को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि ऐसे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

यातायात पुलिस ने बताया कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालक केवल चालान से बचने की कोशिश ही नहीं करते, बल्कि इससे वाहन की पहचान करना भी मुश्किल होता है। पुलिस के अनुसार, कुछ मामलों में नंबर छिपाकर चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी वजह से ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

अब तक की कार्रवाई में 724 वाहन चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर 7 लाख 24 हजार रुपए का चालान शुल्क जारी किया गया है। कई प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए, जहां आर्थिक दंड भी लगाया गया। वहीं कुछ मामलों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजे जाने की कार्रवाई भी की गई है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में नियमों के अनुसार स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं और उसे किसी भी तरीके से छिपाएं या उसमें छेड़छाड़ न करें। साथ ही वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बिलासपुर यातायात पुलिस ने साफ किया है कि नंबर प्लेट छिपाने और उसमें छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles