कोरबा। रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची संतोषी की तलाश आखिरकार 23 दिन बाद उस जगह खत्म हुई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में महिला का सड़ी-गली हालत में शव उसके घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। घर के पीछे से लगातार आ रही तेज बदबू ने परिजनों का ध्यान खींचा। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई और सेप्टिक टैंक खुलवाया गया। अंदर शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, संतोषी करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ लिव-इन में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 27 अगस्त को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। इसके बाद देर शाम दोनों के बीच दोबारा विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इसी विवाद के बाद संतोषी के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

रक्षाबंधन के दिन संतोषी के मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने मनोज से उसके बारे में पूछा था। मनोज ने परिजनों को बताया कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। शुरुआत में परिवार ने उसकी बात पर भरोसा किया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोस और परिवार के अन्य लोग मनोज के घर पहुंचे। इसी दौरान घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से तेज दुर्गंध आने लगी। टैंक का ढक्कन भी आधा खुला हुआ था। संदेह बढ़ने पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खुलवाया गया। टैंक के अंदर सड़ी-गली हालत में महिला का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान संतोषी के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और मेडिकल कॉलेज की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, संतोषी के परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव पर हत्या करने और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से मनोज फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक संतोषी की मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण और घटना से जुड़े अहम तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार संतोषी की पहली शादी 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह ससुराल में रह रही थी। करीब दो साल पहले वह मनोज उरांव के साथ रहने लगी थी। बताया गया है कि मनोज की पत्नी की भी मौत हो चुकी है। फिलहाल पुलिस फरार मनोज की तलाश के साथ घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटा रही है। जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

