बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में रात के समय बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस ने जांच तेज की और CCTV फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रात में ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जिनमें ताला लगा हो। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में घुसते और जेवर, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो जाते थे। कोनी क्षेत्र में हुई तीन चोरियों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के दौरान पकड़े गए नाबालिग बालक से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोल्लू यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल, 6,700 रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत 4 लाख 81 हजार 488 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में चोरी गए सामान की पूरी बरामदगी कर ली गई है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया हैं।

