भारी बारिश के बीच छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट, CM साय ने कलेक्टरों को दिए तत्काल राहत के निर्देश..

बाढ़ के संभावित खतरे पर प्रशासन की नजर, नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहने की अपील..जलमग्न पुल-पुलियों को पार न करने की हिदायत।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश के बीच राज्य सरकार ने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ते ही तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की लगातार निगरानी करें। जहां भी लोगों को सहायता की जरूरत हो, वहां स्थानीय प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पहले से पूरी तैयारी रखे।

उफनते नदी-नालों से रहें दूर..

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने कहा है। बारिश के दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है, इसलिए ऐसे स्थानों पर जाना जोखिम भरा हो सकता है।

उन्होंने लोगों से जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। जिन स्थानों पर प्रशासन ने बैरियर लगाकर आवागमन रोका है, वहां किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज न करने की हिदायत दी गई है।

गैरजरूरी यात्रा से बचें, रात में विशेष सावधानी..

मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। खासकर रात के समय लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने कहा गया है। उन्होंने गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और किसी भी विद्युत खतरे की स्थिति में खुद उसे छूने के बजाय तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी जोर..

बारिश के दौरान बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष सावधानी बरतने कहा है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें। वहीं पहाड़ी इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को हालात पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

आपात स्थिति में 112 पर करें संपर्क..

मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने लोगों से मौसम और राहत से जुड़ी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने कहा गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश जैसी परिस्थितियों में सतर्कता और संयम ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर यथासंभव मदद करने और गंभीर स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles