26 सितंबर को प्रदेशभर के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में रहेगी छुट्टी.. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा फैसला लिया है। बारिश, जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यह निर्णय लिया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है, जबकि नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान किसी तरह का जोखिम न हो, इसे देखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने कहा है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश के आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के लिए भी कहा गया है।
भारी बारिश के बीच स्कूलों में अवकाश का यह फैसला बच्चों और अभिभावकों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। अब 26 सितंबर को पूरे प्रदेश में स्कूलों का संचालन नहीं होगा।

