भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जारी सूची में अनमोल झा का नाम, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में करीब 34 युवा नेता शामिल।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई, अनमोल बोले- पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी।
बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिलासपुर के युवा नेता अनमोल कुमार झा को जगह मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के तहत राष्ट्रीय कार्यकारिणी में करीब 34 युवा नेताओं को शामिल किया गया है। इस सूची में अनमोल झा का नाम शामिल होना बिलासपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में मिली इस जिम्मेदारी के साथ अब उनसे युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा होगी।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर अनमोल झा ने खुशी जताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाना, युवाओं को संगठन से जोड़ना और संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसेवा के कार्यों में योगदान देने का भी संकल्प जताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई..
भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्यों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा साथी अपनी ऊर्जा और सेवाभाव से संगठन को सशक्त बनाने के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों के सफल और यशस्वी कार्यकाल की कामना भी की।

इस मौके पर अनमोल झा ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और संगठन का भरोसा उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। वे इस जिम्मेदारी को केवल पद नहीं, बल्कि संगठन और समाज के प्रति सेवा के अवसर के रूप में देखते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपनी भूमिका निभाते हुए वे युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और पार्टी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

