बिलासपुर। यादव समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक गोवर्धन पूजा महोत्सव इस वर्ष 10 नवंबर को ग्राम खैरा स्थित ऐतिहासिक जगशाला परिसर में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। बिलासपुर जिला यादव समाज (बेलतरा विधानसभा) के तत्वावधान में होने वाले इस पारंपरिक आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। उत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जिलेभर से यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे और सामाजिक एकता का संदेश देंगे।
समाज के अध्यक्ष शिशंकर यादव एवं कोषाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी के मंदिर स्थित जगशाला परिसर में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा के साथ होगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं हवन संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे सामाजिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। दोपहर 1 बजे महाप्रसाद वितरण और सामूहिक भोज के साथ आयोजन का समापन होगा।

विधायक सुशांत शुक्ला होंगे मुख्य अतिथि, देवेंद्र यादव करेंगे अध्यक्षता..
इस भव्य आयोजन में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव उत्सव की अध्यक्षता करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, पूर्व बेलतरा विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी, महेंद्र गंगोत्री एवं सिद्धांशु मिश्रा शामिल होंगे।इसके अलावा लक्ष्मी यादव, प्रह्लाद यादव, ईश्वर यादव, अमित यादव, नीरज यादव, शैलेन्द्र यादव एवं सुखनंदन यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
दूध वितरण की परंपरा बनेगी आकर्षण, परिसर रहेगा पूरी तरह नशामुक्त..
इस गोवर्धन पूजा उत्सव की खास पहचान इसकी अनूठी सामाजिक परंपराएं हैं। यादव समाज अपनी पारंपरिक संस्कृति और दुग्ध परंपरा को सम्मान देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं समाज के लोगों को प्रसाद स्वरूप दूध वितरित करेगा। यह परंपरा समाज की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक सहभागिता को भी प्रदर्शित करती है।
वहीं आयोजन की धार्मिक गरिमा और पवित्रता बनाए रखने के लिए जगशाला परिसर को पूर्णतः नशामुक्त रखने का विशेष संकल्प लिया गया है। परिसर में गुटखा, तंबाकू, धूम्रपान अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इतना ही नहीं, नशे की हालत में परिसर में प्रवेश भी वर्जित रहेगा। समाज के लोग प्रत्येक वर्ष इस अनुशासन का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं।
हर परिवार की भागीदारी से साकार होता है भव्य आयोजन..
इस आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता समाज के प्रत्येक परिवार की स्वैच्छिक भागीदारी है। उत्सव को सफल बनाने के लिए यादव समाज का प्रत्येक परिवार अपनी ओर से एक लीटर दूध और 50 रुपये की सहयोग राशि प्रदान करता है। छोटे-छोटे सहयोग से तैयार होने वाला यह सामूहिक प्रयास समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सहभागिता की मिसाल पेश करता है।
आयोजकों के अनुसार, गोवर्धन पूजा महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज की परंपराओं को जीवंत रखने, नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। इस भव्य आयोजन में जिलेभर से पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी रहेगी।

