बिलासपुर। दीपावली का त्यौहार मनाने परिवार के साथ गांव जाना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। घर सूना पाकर चोर ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी व लॉकर में रखी नकदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने नकदी से अपनी दीपावली मनाई। चोरी के पैसों से खाने-पीने के साथ पटाखे भी फोड़े। इधर, घर लौटने पर चोरी का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने संदेही मोहित ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दरअसल, चोरी की यह वारदात मोपका के रामकृष्ण नगर की है। यहां रहने वाले हरिशंकर कश्यप 7 नवंबर को अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने गृह ग्राम झाझपुरी, लोरमी गए हुए थे। घर में ताला लगा देखकर चोर ने मौके का फायदा उठाया और 8 नवंबर को मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश कर गया। इसके बाद आरोपी ने कमरे में रखी अलमारी और लॉकर को तोड़कर उसमें रखे नकदी और आर्टिफिशियल जेवर चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस बीच 8 नवंबर को पड़ोसी ने फोन कर हरिशंकर कश्यप को उनके घर में चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार गांव से वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था और कमरे के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और लॉकर की जांच करने पर नकदी और जेवर गायब मिले। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और उपलब्ध सुरागों के आधार पर संदेह के दायरे में आए मोहित ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ज्वेलरी और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए।
नरेश चौहान (TI सरकंडा)
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गई रकम में से 15 हजार रुपये उसने दीपावली के दौरान खाने-पीने और पटाखे फोड़ने में खर्च कर दिए, जबकि 2 हजार रुपये उसके पास बचे हुए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

