उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, तोरवा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब..

36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का हुआ पारण, छठी मैया के गीतों और जयकारों से गूंजता रहा घाट.. हजारों श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

बिलासपुर। लोक आस्था, अटूट विश्वास और प्रकृति की उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तोरवा छठ घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में पहुंचे व्रतियों और श्रद्धालुओं ने उदित सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।

सोमवार सुबह 5 बजकर 43 मिनट पर सूर्यदेव के उदित होते ही घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाएं और पुरुष नदी एवं जलाशयों के पानी में खड़े होकर पूरे विधि-विधान से सूर्यदेव की आराधना में लीन नजर आए। इस विशेष क्षण का साक्षी बनने के लिए श्रद्धालु देर रात से ही घाट पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते घाट पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे व्रतियों, पूजा के पारंपरिक सूप, फलों और प्रसाद से सजे दउरों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

छठ पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। रात से ही घाट पर पहुंचने वाले व्रतियों के लिए चाय और दूध की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। घाट की साफ-सफाई के साथ विद्युत झालरों और आकर्षक सजावट से पूरे परिसर को भव्य रूप दिया गया था। छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने आयोजन की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को और भी खास बना दिया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूरा हुआ। इसके बाद उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर विधि-विधान से पारण किया। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन हो गया।

बिलासपुर की पहचान बन चुका है छठ महापर्व का आयोजन..

इस अवसर पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच एवं छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व अब बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। यह पर्व अब केवल उत्तर भारतीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी इसे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनाया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में विश्व का सबसे बड़ा मानव निर्मित छठ घाट होना शहर के लिए गौरव की बात है। यहां आयोजित होने वाला भव्य आयोजन देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है।

उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए श्रद्धालुओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छठ पूजा समिति के स्वयंसेवकों, नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, नगर सेना, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, मीडिया और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सामूहिक सहयोग से ही इतना विशाल आयोजन सफल हो पाया है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं विशाल स्वरूप दिया जाएगा।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles