अरपा तट पर आस्था का अद्भुत नजारा.. 5100 दीपों से जगमगाया छठ घाट, महाआरती और फायर शो ने मोहा मन..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य आगाज हो गया है। अरपा नदी के तट पर स्थित तोरवा छठ घाट शुक्रवार को भक्ति, आस्था और रोशनी से सराबोर नजर आया। भव्य महाआरती के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हुई। इस दौरान 5100 दीपों का दीपदान कर उन्हें अरपा नदी में प्रवाहित किया गया। दीपों की जगमगाहट और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूब गया।

महाआरती में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण झा सहित छठ पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अरपा मैया की आरती कर छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की।

महाआरती के दौरान घाट का नजारा देखते ही बन रहा था। आकर्षक विद्युत सजावट और दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। आयोजन में प्रस्तुत भव्य फायर शो और आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। नदी में प्रवाहित किए गए 5100 दीपों से अरपा का तट अलौकिक रोशनी से नहा उठा। देर तक घाट पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाटों में शामिल बिलासपुर के इस घाट पर हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष भी छठ महापर्व पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए छठ पूजा समिति और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार घाट की लंबाई भी बढ़ाई गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान पर्याप्त जगह मिल सके और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

छठ महापर्व की शुरुआत के साथ ही बिलासपुर में चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की रौनक बढ़ गई है। घाटों पर तैयारियां पूरी हैं और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ सूर्यदेव तथा छठी मैया की उपासना में जुटे हैं।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles