अरपा बदहाल, निगम को राष्ट्रीय सम्मान.. स्वच्छ रिवर फ्रंट की रैंकिंग पर उठे सवाल, आखिर कब साफ होगी बिलासपुर की जीवनरेखा? पढिए पूरी खबर…

 तुम्हारी फाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है,

मगर ये आँकड़े झूठे हैं, ये दावा किताबी है !

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता का पुरस्कार मिलना निश्चित रूप से किसी भी शहर के लिए गौरव की बात है, लेकिन जब सम्मान के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे तो सवाल उठना लाजिमी है। बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर नगर निगम अपनी पीठ थपथपा रहा है और इसे शहर की स्वच्छता संबंधी उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है। लेकिन शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली अरपा नदी की मौजूदा स्थिति इस सम्मान की चमक पर सवाल खड़े कर रही है। नदी में आज भी जगह-जगह कचरा नजर आ रहा है, नालों का गंदा पानी सीधे नदी में मिल रहा है और कई हिस्सों में गंदगी के कारण जलधारा बदहाल दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब अरपा को स्वच्छ रिवर फ्रंट का राष्ट्रीय सम्मान मिला है, तो फिर नदी की यह दुर्दशा क्यों?

दरअसल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया है। इनमें रायपुर नगर निगम, बिलासपुर नगर निगम और बिल्हा नगर पंचायत शामिल हैं। बिल्हा नगर पंचायत ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि बिलासपुर नगर निगम को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। वहीं रायपुर नगर निगम को राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को सम्मानित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव सहित विभागीय प्रमुख सचिव, महापौर पूजा विधानी और नगर निगम आयुक्तों ने पुरस्कार प्राप्त किए। राष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि को प्रदेश और बिलासपुर के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता का पुरस्कार हासिल करने वाले बिलासपुर की अरपा नदी आखिर कब साफ होगी? शहर के बीचोंबीच बहने वाली अरपा के कई हिस्सों में आज भी कचरा दिखाई देता है। विभिन्न स्थानों से नालों का गंदा पानी सीधे नदी में पहुंच रहा है। नदी किनारे जमा गंदगी और दूषित पानी से उठती बदबू आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय पुरस्कार और नदी की वास्तविक स्थिति के बीच दिखाई देने वाला अंतर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

अरपा नदी बिलासपुर की पहचान ही नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं से भी जुड़ी हुई है। वर्षों से अरपा के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और सफाई को लेकर योजनाएं बनाई जाती रही हैं। नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे भी लगातार किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद नदी में गंदे पानी का प्रवाह और किनारों पर कचरे की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इन योजनाओं का वास्तविक लाभ नदी को कितना मिला?

शहरवासियों के बीच भी अरपा की सफाई को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का सवाल है कि यदि बिलासपुर का रिवर फ्रंट राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के लिए सम्मानित हो रहा है, तो नदी में गिरने वाले गंदे नालों को अब तक क्यों नहीं रोका जा सका? नदी किनारे नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं बन पाई, जिससे अरपा की स्थिति में स्थायी सुधार दिखाई दे? आखिर नगर निगम की प्राथमिकता राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करना है या अरपा को वास्तव में स्वच्छ बनाना?

यहां यह समझना भी जरूरी है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में किसी शहर को मिलने वाला पुरस्कार निर्धारित मानकों और मूल्यांकन प्रक्रिया के आधार पर दिया जाता है। लेकिन पुरस्कार मिलने का अर्थ यह नहीं कि शहर की स्वच्छता से जुड़ी सभी समस्याएं समाप्त हो गई हैं। बिलासपुर के मामले में अरपा नदी की मौजूदा स्थिति इसी अंतर को उजागर करती है। राष्ट्रीय सम्मान अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन नदी में गिरते गंदे पानी और किनारों पर जमा कचरे की समस्या का समाधान भी उतना ही जरूरी है।

 पूजा विधानी (महापौर, बिलासपुर)

अब सवाल नगर निगम की जवाबदेही का है। अरपा में गिरने वाले नालों के दूषित पानी को रोकने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं? नदी की सफाई पर कितनी राशि खर्च हुई और उसके परिणाम क्या रहे? नदी किनारे गंदगी फैलाने वालों पर क्या कार्रवाई की गई? इन सवालों का जवाब केवल योजनाओं और उपलब्धियों के आंकड़ों से नहीं, बल्कि अरपा की साफ होती तस्वीर से मिलना चाहिए।

संजय अग्रवाल (कलेक्टर, बिलासपुर)

बिलासपुर को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार निश्चित रूप से सम्मान की बात है, लेकिन इस सम्मान की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब शहर की जीवनदायिनी अरपा भी स्वच्छ नजर आएगी। फिलहाल एक ओर राष्ट्रीय मंच पर बिलासपुर की स्वच्छता का गुणगान हो रहा है, तो दूसरी ओर अरपा में बहता गंदा पानी नगर निगम के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है- पुरस्कार तो मिल गया, लेकिन अरपा को गंदगी से मुक्ति आखिर कब मिलेगी ये देखने वाली बात होगी…

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles